• होम
  • चक्रवाती तूफान "डाना": ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर मंडर...

चक्रवाती तूफान "डाना": ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर मंडराया खतरा, IMD ने दी चेतावनी

ओडिशा और बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
ओडिशा और बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज (23 अक्टूबर) के लिए मौसम अलर्ट जारी किया है, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश और गरज के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। प्रभावित क्षेत्रों में गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और कर्नाटक शामिल हैं।

24-25 अक्टूबर के बीच ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट से टकराने की संभावना :

IMD के मुताबिक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में कल बने गहरे दबाव ने महत्वपूर्ण रूप से चक्रवाती तूफान "डाना" का रूप ले लिया है। यह तूफान पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में 18 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा है और आज सुबह 05:30 IST पर 16.3° N अक्षांश और 89.9° E देशांतर के पास स्थित था। यह पारादीप (ओडिशा) से लगभग 560 किमी दक्षिण-पूर्व, सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) से 630 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व और खेपुपारा (बांग्लादेश) से 630 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में केंद्रित है। 

IMD ने अनुमान लगाया है कि चक्रवात डाना और अधिक मजबूत होकर 24 अक्टूबर की सुबह तक एक गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके अतिरिक्त 24 अक्टूबर की रात से 25 अक्टूबर की सुबह के बीच पुरी (ओडिशा) और सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) के बीच तट से टकराने की संभावना है। टकराने के समय हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटा और झोंकों में 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। IMD ने यह भी बताया कि बंगाल की खाड़ी से दक्षिण तमिलनाडु तट तक फैली हुई ट्रफ कमजोर हो गई है, जिससे उस क्षेत्र में और अधिक गड़बड़ी की संभावना कम हो गई है।

ओडिशा-पश्चिम बंगाल में 24 से 27 अक्टूबर तक भारी बारिश की सम्भावना : 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 24 से 27 अक्टूबर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। आज भी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भारी बारिश होगी। इसके अलावा, मध्य और उत्तरी बंगाल की खाड़ी में तूफानी मौसम की संभावना जताई गई है, जहां हवा की गति 35 किमी प्रति घंटा से लेकर 90 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों खासकर तटीय इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों में भी तेज हवाओं की संभावना है, जिसकी गति 100 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मछुआरों को इन क्षेत्रों में जाने से मना किया गया है क्योंकि समुद्री परिस्थितियाँ खतरनाक हो सकती हैं।

ये भी पढें... देशभर में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी, पूर्वोत्तर के इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट

विज्ञापन

लेटेस्ट

विज्ञापन

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें