देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। कुछ दिनों पहले जहां बारिश और ठंडी हवाएं थीं, अब वहीं पर भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा, राजस्थान और हरियाणा में तापमान सुबह से ही तेज़ी से बढ़ रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आज बिहार, ओडिशा, तटीय पश्चिम बंगाल, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश और तेलंगाना में तेज़ गर्म हवाएं (लू) चलने की आशंका है। इन क्षेत्रों में दोपहर के समय धूप काफी तीखी हो सकती है।
उत्तर-पूर्वी भारत में बारिश की संभावना:
पूर्वोत्तर भारत में असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय जैसे राज्यों में आज गरज के साथ बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में मौसम थोड़ा राहतभरा रहेगा।
उमस और गर्म रातें भी परेशान करेंगी: उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तटीय पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में गर्मी के साथ-साथ उमस भी महसूस की जाएगी। गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, झारखंड और पुडुचेरी जैसे राज्यों में दिन और रात दोनों समय गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
गर्मी से बचने की सलाह: उत्तर-पश्चिम भारत में 28 अप्रैल तक और पूर्वी भारत में 26 अप्रैल तक लू का असर रह सकता है। मौसम विभाग ने दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। गर्मी से बचने के लिए पानी अधिक पिएं, हल्के कपड़े पहनें और बुजुर्गों-बच्चों का विशेष ध्यान रखें।
पहाड़ी इलाकों में राहत: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम ठंडा और खुशगवार हो गया है। पूर्वोत्तर भारत में भी 27 अप्रैल तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
तापमान में और बढ़ोतरी संभव: IMD के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 5 दिनों में 2-3 डिग्री, मध्य भारत में अगले 2 दिनों में 2 डिग्री और पूर्वी भारत में 3-5 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ सकता है।
ये भी पढें- दिल्ली, यूपी और एमपी में तेज गर्मी का असर, कई राज्यों में बारिश का अलर्ट