• होम
  • मध्य प्रदेश बजट 2025: किसानों के लिए क्या खास, जानिए पूरी जा...

मध्य प्रदेश बजट 2025: किसानों के लिए क्या खास, जानिए पूरी जानकारी

मध्य प्रदेश बजट 2025
मध्य प्रदेश बजट 2025

मध्य प्रदेश सरकार ने बुधवार को विधानसभा में 4.21 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह बजट न केवल उद्योग और शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण रहा, बल्कि किसानों के हितों को भी प्राथमिकता दी गई। बजट में 39 नए औद्योगिक क्षेत्रों में 3 लाख रोजगार देने और 11 नए आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज खोलने की घोषणा की गई।

किसानों के लिए बड़ी घोषणाएँ Big announcements for farmers:

राज्य के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री, एदल सिंह कंषाना ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभदायक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बजट में किसानों की भलाई के लिए कई अहम प्रावधान किए गए हैं,

जिनमें प्रमुख हैं:

  1. मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना: किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए 5,220 करोड़ रुपये का प्रावधान।
  2. अटल कृषि ज्योति योजना: सिंचाई और कृषि कार्यों के लिए 13,909 करोड़ रुपये आवंटित।
  3. निशुल्क विद्युत प्रदाय योजना: 5 हॉर्स पावर तक के कृषि पंपों, थ्रेसरों और एक बत्ती कनेक्शन को मुफ्त बिजली देने के लिए 5,299 करोड़ रुपये निर्धारित।
  4. मुख्यमंत्री कृषक फसल उपार्जन सहायता योजना: किसानों को उनकी उपज पर उचित लाभ देने के लिए 1,000 करोड़ रुपये की व्यवस्था।
  5. समर्थन मूल्य बोनस योजना: न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी गई फसलों पर बोनस देने के लिए 1,000 करोड़ रुपये का बजट।
  6. मुख्यमंत्री कृषक उन्नति योजना: आधुनिक खेती और किसानों की समृद्धि के लिए 850 करोड़ रुपये का प्रावधान।

किसानों के लिए क्या होगा फायदेमंद?

बजट में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, सस्ते ऋण, बीज अनुदान, और जल संरक्षण योजनाओं पर भी जोर दिया गया है। इससे किसानों को खेती में नई तकनीकों का उपयोग करने और जलवायु परिवर्तन से निपटने में मदद मिलेगी।
राज्य सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि खेती को सिर्फ जीविका का साधन नहीं, बल्कि एक लाभदायक व्यवसाय बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाएंगे। सरकार किसान कल्याण मिशन के तहत ऑर्गेनिक फार्मिंग, फसल विविधीकरण, पशुपालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा देने की योजना बना रही है। यह बजट किसानों के सशक्तिकरण पर केंद्रित है, जिसमें आत्मनिर्भर कृषि और वित्तीय सहायता की योजनाएँ शामिल हैं, जिनका प्रभाव सही क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा।

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें