• होम
  • Sunflower farming: नई हाइब्रिड सूरजमुखी किस्म से किसानों को...

Sunflower farming: नई हाइब्रिड सूरजमुखी किस्म से किसानों को मिलेगी अधिक उपज और तेल उत्पादन

सूरजमुखी की खेती
सूरजमुखी की खेती

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) ने सूरजमुखी की एक नई उन्नत किस्म तिलहन टेक-एसयूएनएच-2 जारी की है। यह एक हाइब्रिड वैरायटी है, जो कम समय में ज्यादा उपज और बेहतर तेल उत्पादन देती है।

उपज और पकने का समय:

आईसीएआर के अनुसार, इस किस्म से किसान 15.7 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक उपज प्राप्त कर सकते हैं। यह किस्म 89 से 95 दिनों में तैयार हो जाती है, जिससे जल्दी कटाई करना संभव होता है।

तेल की मात्रा और विशेषताएँ: इस किस्म में 38 प्रतिशत तक तेल पाया जाता है, जो इसे तेल उत्पादन के लिए बेहतरीन विकल्प बनाता है। सबसे खास बात यह है कि इसे समय से पहले या बाद में भी बोया जा सकता है, जिससे किसान अपनी सुविधानुसार खेती कर सकते हैं।

बीमारियों और कीटों से बचाव: तिलहन टेक-एसयूएनएच-2 किस्म की एक और बड़ी खासियत यह है कि इसके पौधे गिरते नहीं हैं और फूल भी नहीं चटकते। आमतौर पर सूरजमुखी की फसल में यह समस्या देखी जाती है, लेकिन इस नई किस्म में यह खतरा नहीं रहेगा। इसके अलावा, यह किस्म लीफ हॉपर जैसे कीटों और डाउनी मिल्ड्यू रोग के प्रति भी प्रतिरोधी है।

कहाँ-कहाँ होगी खेती?

आईसीएआर के अनुसार, इस नई किस्म को उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर और दक्षिण कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और तेलंगाना में उगाया जा सकता है। इन राज्यों के किसान इससे अच्छी पैदावार प्राप्त कर सकते हैं। इस किस्म को विकसित करने का उद्देश्य देश में तिलहन उत्पादन को बढ़ाना और किसानों की आमदनी बढ़ाना है, जिससे भारत आत्मनिर्भर बन सके।

सूरजमुखी की खेती और महत्व: दुनिया में सूरजमुखी की 60 से अधिक प्रजातियाँ पाई जाती हैं और इसकी खेती कई देशों में की जाती है, जिनमें अमेरिका, रूस, स्वीडन, मिस्र, भारत और ब्रिटेन प्रमुख हैं। अमेरिका इसका सबसे बड़ा उत्पादक है। सूरजमुखी का तेल पौष्टिक और स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है, इसलिए किसान इसे बड़े पैमाने पर उगाते हैं।

सूरजमुखी को सूर्यमुखी भी कहा जाता है क्योंकि यह सूर्य की ओर झुका रहता है। इसका फूल सुंदर और आकर्षक होता है, साथ ही यह किसी भी मौसम में उगाया जा सकता है, जिससे इसकी खेती पूरे साल संभव होती है।
नई हाइब्रिड किस्म तिलहन टेक-एसयूएनएच-2 किसानों के लिए बेहतर उत्पादन और अधिक मुनाफे का अवसर ला सकती है।

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें