MP Weather Today: मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है, जबकि उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। आईये डालें MP और UP के मौसम पर नज़र:
मध्य प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है। अगले कुछ दिनों में 12 से ज्यादा जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। फरवरी की शुरुआत में तापमान बढ़ने के बाद अचानक ठंड लौट आई थी, और अब फिर से मौसम करवट ले रहा है।
IMD के अनुसार, देशभर में तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। उत्तरी अफगानिस्तान, राजस्थान, पूर्वोत्तर भारत और बांग्लादेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ रहा है, जिससे मौसम में बदलाव हो रहा है।
20 फरवरी से बढ़ेगी गर्मी: इस बीच मध्य प्रदेश में दिन के समय गर्मी अधिक महसूस होने लगी है, और रात के तापमान में भी 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव है। भोपाल एवं इंदौर जैसे बड़े शहरों में अधिकतम तापमान का पारा 30 से 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि, मंडला, नौगांव, पचमढ़ी और शहडोल में अभी भी शीतलहर का असर बना हुआ है। बारिश के बाद कई जिलों में तापमान में गिरावट आ सकती है।
उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य, तापमान में बढ़ोतरी जारी:
उत्तर प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक मौसम सामान्य रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 14 फरवरी तक प्रदेश में तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन कोई गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है। तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी का एहसास और बढ़ सकता है। इस दौरान अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहेगा, जिससे लोगों को राहत तो मिलेगी, लेकिन दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में बढ़ता तापमान, 14 फरवरी के बाद मिल सकती है राहत: मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में आज दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, कानपूर में भी 28 डिग्री रहने की सम्भावना है। 13 फरवरी तक लखनऊ, कानपुर, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर समेत अन्य शहरों में मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, तेज हवाएं चलने की संभावना है, लेकिन बारिश नहीं होगी। तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी, जिससे हल्की गर्मी महसूस हो सकती है। 14 फरवरी के बाद हवाओं की रफ्तार धीमी होने से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।