मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सूर्य ऊर्जा एक महत्वपूर्ण और स्वच्छ ऊर्जा का स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा सबसे अच्छी ऊर्जा है और इसे बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। आने वाले वर्ष 2030 तक मध्यप्रदेश आवश्यकता की आधी बिजली सौर ऊर्जा से प्राप्त करेगा। प्रदेश सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से प्रगति कर रहा है। सरकार का उद्देश्य उद्योग, व्यवसाय, और कृषि के लिए सस्ती बिजली उपलब्ध कराना है।
मध्यप्रदेश सरकार द्वारा शुक्रवार को आगर-मालवा जिले के सुसनेर में 3520 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 880 मेगावाट की आगर और नीमच सौर परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में आगर-मालवा जिले की 2200 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 550 मेगावाट और नीमच जिले की 1320 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 330 मेगावाट की परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने आगर-मालवा जिले में 49.81 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया।
प्रदेश सरकार किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। किसानों को सिंचाई के लिए 1 लाख सोलर पंप दिए जाएंगे, जिससे वे अपनी आवश्यकता की बिजली स्वयं उत्पादित कर सकें। प्रदेश में सिंचाई का रकबा 50 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 1 करोड़ हेक्टेयर तक ले जाने का लक्ष्य है। मध्यप्रदेश फसल उत्पादन के क्षेत्र में हरियाणा और पंजाब को पीछे छोड़ते हुए देश का अग्रणी राज्य बनेगा।
एमपी सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार दूध खरीदी पर बोनस देने की योजना बना रही है और वर्तमान में देश में 9 प्रतिशत दुग्ध आपूर्ति मध्यप्रदेश करता है। अगले 5 वर्षों में इस हिस्सेदारी को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य है।
महिला और गरीब वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवा, महिला, गरीब, और किसानों के विकास के लिए कृत संकल्पित है। लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान 26 जनवरी तक चलेगा, जिसमें अधिकारी घर-घर जाकर योजनाओं का लाभ दिलाएंगे।
सौर ऊर्जा और विकास कार्यों के लिए विशेष घोषणाएं: मुख्यमंत्री ने आगर और नीमच जिलों के कलेक्टरों को सौर ऊर्जा विकास के लिए 2.5-2.5 करोड़ रुपये की राशि के चेक प्रदान किए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं में हितग्राहियों को लाभ वितरित किया। प्रदेश में सौर ऊर्जा और अन्य विकास कार्यों के माध्यम से समग्र विकास को गति दी जा रही है, जिससे किसानों और आम नागरिकों का जीवन बेहतर हो सके।
ये भी पढें... सोलर पम्प सेट की स्थापना के लिये सरकार द्वारा दिया जा रहा है अनुदान, जाने कैसे करें आवेदन