उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा, जिससे तापमान बढ़ने की संभावना है। देश के कई राज्यों में हाल ही में बारिश हुई, लेकिन आगामी सप्ताह में गर्मी का असर बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश में बीते दिनों बारिश और तेज हवाओं के बाद शनिवार को कई जिलों में मौसम बदला। लखनऊ में आज का मौसम, बदायूं, बरेली, आगरा और अलीगढ़ समेत कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम ठंडा हुआ। हालांकि, रविवार से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, जिससे तापमान बढ़ सकता है और लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 23 से 28 मार्च तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान बारिश या तेज हवा का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। दिन में गर्मी बढ़ेगी, जबकि रातें अपेक्षाकृत ठंडी हो सकती हैं।
मध्य प्रदेश में कहीं बारिश और कहीं ओले गिर रहे हैं, तो कहीं तेज धूप से गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से बारिश और आंधी का दौर थम जाएगा, लेकिन अगले तीन दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। 25-26 मार्च से प्रदेश में नए सिस्टम का असर देखने को मिलेगा, जिससे फिर मौसम में बदलाव संभव है।
देश के कई राज्यों में बारिश, अगले हफ्ते मौसम रहेगा शुष्क: पिछले 24 घंटों में ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तेलंगाना, असम, अरुणाचल प्रदेश और लक्षद्वीप में भी मौसम बदला, जबकि केरल में भारी बारिश हुई। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश देखी गई। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले एक हफ्ते तक देश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, तेज धूप से गर्मी बढ़ सकती है। उत्तर भारत में बढ़ते तापमान से न केवल लोग प्रभावित हो सकते हैं, बल्कि किसानों को भी फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है।
ये भी पढें- मध्य प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी, बिहार-ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी