मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जहां कई जगहों पर पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में अगले तीन दिनों तक तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, लेकिन गर्मी का असर बना रहेगा।
मध्य प्रदेश में गर्मी का असर तेज होता जा रहा है। राजधानी भोपाल समेत कई शहरों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लू जैसा अहसास कराया। भोपाल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कुछ शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, ओले, बारिश और आंधी का दौर थमने के बाद तापमान तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में इसमें 3-4 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बावजूद इसका असर प्रदेश में नहीं दिखेगा।
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में फिर से तेज हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे तापमान में वृद्धि जारी है। झांसी में अधिकतम तापमान 39℃ के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च को मौसम साफ रहेगा और दिनभर धूप का असर बना रहेगा। हालांकि, 27 मार्च से अगले 72 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। बावजूद इसके, मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
दिल्ली में बढ़ रही गर्मी, अगले तीन दिन तेज हवाओं की संभावना: दिल्ली में तापमान बढ़ रहा है, जहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि अधिकतम 39 डिग्री तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कल से तीन दिनों तक तेज सतही हवाएं चल सकती हैं, जिससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। हालांकि, सुबह और रात का तापमान बढ़कर 19 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसी तरह का मौसम पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश में आज का मौसम, बिहार, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में भी बना रहेगा।